जहानाबाद हॉस्टल कांड: UKG छात्र की संदिग्ध मौत मामले में जांच तेज, POCSO एक्ट में केस दर्ज

0
1775755363941.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 09 अप्रैल 2026,

जहानाबाद; जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर स्थित गुरुकुल हॉस्टल एंड स्कूल में यूकेजी के एक मासूम छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जांच तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ (सदर) ने एक बार फिर घटनास्थल का दौरा किया।

हॉस्टल के हर हिस्से की बारीकी से जांच

अधिकारियों ने हॉस्टल के कमरों, दीवारों और फर्श की गहन जांच की। साथ ही बाहरी परिसर और आसपास के घास वाले इलाकों में मेटल डिटेक्टर (HHMD) के जरिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या हथियार की संभावना को खारिज किया जा सके।

FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। साक्ष्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल को पहले ही सील कर दिया गया है।

POCSO एक्ट में दर्ज हुआ मामला

मृतक के पिता के आवेदन पर कड़ौना थाना में कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया है। यह मामला सुसंगत धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता स्पष्ट होती है।

एसपी ने दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने जांच टीम को निर्देश दिया है कि मामले का निष्पादन पूरी तरह वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page