गयाजी में चोरी कांड का बड़ा खुलासा: मुफस्सिल पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, नकदी-जेवर समेत चोरी का सामान बरामद

0
IMG-20261013-WA0003
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 अक्टूबर 2026

गयाजी: जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घर से नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल समेत चोरी से संबंधित कई सामान बरामद किए हैं। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापेमारी कर रही है। इस संबंध में 13 अक्टूबर 2026 को एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर इसका खुलासा किया और बताया कि यह कार्रवाई विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर की।

घर में घुसकर नकदी और जेवर चोरी करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विक्कु सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ रात में खाना खाकर सो गए थे। देर रात घर में कुछ लोगों के घुसने की आहट मिली। जब उन्होंने उठकर देखा, तो कुछ लोग अवैध हथियार लेकर घर में घुसे हुए थे। आरोप है कि अपराधियों ने कई प्रकार के आभूषणों के साथ घर में रखे बैग से करीब 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।

विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को इस घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात और चोरी के सामान को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखने के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें नकदी, आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. विकास कुमार उर्फ बुटा, पिता विनोद साव, निवासी मानपुर ब्लॉक क्षेत्र, थाना मुफस्सिल, जिला गयाजी।
2. मो. शाहंशाह, पिता मो. आमिन, निवासी मानपुर ब्लॉक क्षेत्र, थाना मुफस्सिल, जिला गयाजी।
3. शुभम कुमार वर्मा, पिता बिरेन्द्र प्रसाद वर्मा, निवासी जनकपुर वार्ड नंबर-50, थाना मुफस्सिल, जिला गयाजी।
4. सुनील मांझी उर्फ गंगा, पिता वन मांझी, निवासी धनकुटी क्षेत्र, जिला गयाजी।

बरामद सामान

नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद सामान की सूची जारी की है। इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—

– 28,390 रुपये नकद।
– 03 मोटरसाइकिलें।
– करीब 20 ग्राम सोने का गलाया हुआ टुकड़ा।
– करीब 400 ग्राम चांदी का गलाया हुआ टुकड़ा।
– सोने की बाली, झुमका, नथिया, अंगूठी और हनुमान लॉकेट।
– लाल-पीले मोतियों वाला सोने का मंगलसूत्र।
– चांदी की पायल के दो जोड़े।
– आर्टिफिशियल बैग का चैन और कान की बाली।
– पेटीएम का साउंड बॉक्स।
– वाहन का नंबर प्लेट।
– एक मोबाइल फोन।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान चोरी की घटनाओं से संबंधित है। सभी सामानों की पहचान और संबंधित कांडों से उनके जुड़ाव की जांच की जा रही है।

पूछताछ में अन्य वारदातों की जानकारी मिलने का दावा

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

अभियुक्तों का काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि वारदातों के दौरान मोटरसाइकिल और टेंपो का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों के बताए तथ्यों के आधार पर पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

गयाजी पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, चोरी की संपत्ति की बरामदगी और घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।

जब्त मोटरसाइकिलें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page