पत्नी के सामने विकास मित्र की गोली मारकर हत्या, बैरागी मोहल्ले में तीन गोलियां दागकर अपराधी फरार

0
Screenshot_2026_1005_141843
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 अक्टूबर 2026

गयाजी। डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी मोहल्ले में रविवार देर रात बदमाशों ने एक विकास मित्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय शंकर मांझी के रूप में हुई है। अपराधियों ने उसे घेरकर लगातार तीन गोलियां दागीं, जिसमें दो गोली पेट और एक गोली सिर में लगने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद शंकर मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जाता है कि शंकर मांझी अपनी दूसरी पत्नी के साथ प्रभु यीशु की प्रार्थना करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान बैरागी मोहल्ले में महादेव स्थान के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसकी पत्नी के सामने ही गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

पत्नी से पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए वहां से खोखे बरामद किए हैं। मृतक की पत्नी से भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सूचना के बाद सिटी एसपी अभिनव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि उनकी पत्नी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि हत्या बंटी और रघु ने सुनीता देवी और गोपाल पासवान के इशारे पर की है।

सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच

स्थानीय लोगों के अनुसार शंकर मांझी ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियों से उसके छह बच्चे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार करीब एक वर्ष पहले एक हत्याकांड के मामले में भी शंकर मांझी का नाम सामने आया था। ऐसे में हत्या की घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इधर परिजनों की ओर से कुछ और लोगों के नाम पुलिस को बताए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस हत्या में शामिल अपराधियों और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

15 दिनों के भीतर गोलीबारी की दूसरी घटना

डेल्हा थाना क्षेत्र में करीब एक पखवारे के भीतर गोली मारने की यह दूसरी घटना सामने आने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page