बथानी में आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत

0
IMG-20251218-WA0010.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 दिसंबर 2025,

गयाजी; जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाला नगर गांव में गुरुवार देर शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गोपाला नगर निवासी धनेश्वर राजवंशी के 40 वर्षीय पुत्र मदन राजवंशी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम अचानक आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की आवाज से पूरा गांव थर्रा उठा। गोलीबारी के बाद अपराधी जंगल की ओर फरार हो गए। जब फायरिंग की आवाज थमी, तो ग्रामीण घरों से बाहर निकले और देखा कि मदन राजवंशी की मौके पर ही मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना नीमचक बथानी थाना को दी गई।

सूचना मिलते ही नीमचक बथानी थाना के थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ ही देर बाद नीमचक बथानी के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी लगाया गया है।

परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर मदन राजवंशी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी आपसी रंजिश बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक का कुछ लोगों से पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया।


“गोपाला नगर गांव में युवक की गोली मारकर हत्या की घटना हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”

सुरेन्द्र कुमार सिंह, एसडीपीओ नीमचक बथानी

गांव में भय का माहौल

घटना के बाद से गोपाला नगर गांव में भय और तनाव का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार यह गांव पहले भी नक्सल प्रभावित रहा है, जिस कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page