मानपुर, गयाजी में कल निकलेगी श्री श्री गौर निताई की भव्य शोभायात्रा

0
Screenshot_2026_0207_194212.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 फरवरी 2026,

गयाजी। इस्कॉन मंदिर गयाजी के तत्वावधान में कल मानपुर में श्री श्री गौर निताई की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शोभायात्रा दोपहर 2:00 बजे मानपुर रेलवे फ्लाईओवर स्थित सेंट लुईस अकादमी से प्रारंभ होकर शाम 6:00 बजे इस्कॉन केंद्र, जनिबिघा मठ में संपन्न होगी।

शोभायात्रा में मधुर हरिनाम संकीर्तन, भव्य रूप से सुसज्जित रथ तथा भक्तों द्वारा रथ खींचने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम के आरंभ और समापन अवसर पर छप्पन भोग (56 भोग) अर्पित किए जाएंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा और भी बढ़ेगी।

शोभायात्रा के दौरान मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं, प्रारंभ और समापन स्थल पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक भक्त इस आयोजन में सहभागी बन सकें।

इस्कॉन गयाजी के अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने शोभायात्रा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सेंट लुईस अकादमी के जितेंद्र मोहन सिंह, नित्य सिंह, सचिनन्दन अवतार दास, रामानुज कृपा दास सहित मानपुर के सभी भक्तों के प्रति उनके सेवा-भाव, समर्पण और अथक प्रयासों के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने गयाजी एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं, नागरिकों और धर्मप्रेमी जनता से इस पावन शोभायात्रा में सपरिवार सम्मिलित होकर श्री श्री गौर निताई की असीम कृपा प्राप्त करने की विनम्र अपील की। आयोजकों के अनुसार, यह शोभायात्रा नगर में भक्ति, प्रेम, शांति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश प्रसारित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page