‘ऑपरेशन मुस्कान’ से लौटी लोगों की मुस्कान, गयाजी पुलिस ने 68 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे

0
IMG-20260629-WA0019.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जून 2025,

गयाजी: जिला पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों से गुम हुए 68 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। सोमवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों के उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

टेक्निकल टीम के गठन से मिली सफलता

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों में विशेष तकनीकी टीम (Tech Team) का गठन किया गया था। इन टीमों ने Central Equipment Identity Register (CEIR) Portal (सीईआईआर पोर्टल) की सहायता से गुम और चोरी हुए मोबाइलों की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया।

इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे, जिससे मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

ऑपरेशन मुस्कान’ बना लोगों के लिए राहत का माध्यम

गयाजी पुलिस का “ऑपरेशन मुस्कान” गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद कर आम लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर लोगों की संपत्ति को वापस दिलाने का काम किया जाएगा।

पुलिस ने की महत्वपूर्ण अपील

गयाजी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन चोरी हो जाता है या कहीं गुम हो जाता है, तो वे संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ सीईआईआर पोर्टल पर भी इसकी सूचना दर्ज करें। इससे मोबाइल को ट्रैक करने और बरामद करने में काफी आसानी होती है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय पर दर्ज शिकायत और तकनीकी सहयोग के जरिए गुम मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page