विष्णुपद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, डीएम ने तीन घंटे पैदल घूमकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0
Screenshot_2026_0927_220204.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 सितंबर 2026

गयाजी: पितृपक्ष मेला के दूसरे दिन रविवार को विष्णुपद क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पिंडदानी और श्रद्धालु पूर्वजों के निमित्त पिंडदान एवं तर्पण के लिए विष्णुपद मंदिर और आसपास के घाटों पर पहुंचे। भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर स्वयं विष्णुपद क्षेत्र पहुंचे और करीब तीन घंटे तक पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कतार और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था देखी

जिला पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर परिसर, घाटों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कतार व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई और स्वयंसेवकों की तैनाती समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा।

भीड़ बढ़ने पर डीएम स्वयं श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और उन्हें कतारबद्ध करवाते नजर आए। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में भीड़ अनियंत्रित नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को निर्धारित कतार के माध्यम से सुरक्षित और सुगम तरीके से मंदिर एवं घाट तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

NCC और स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों की सराहना

विष्णुपद क्षेत्र में NCC तथा स्काउट गाइड के बच्चे श्रद्धालुओं को कतार में व्यवस्थित करने, सही दिशा में आगे बढ़ाने और जरूरत के अनुसार सहयोग करने में जुटे थे। डीएम ने स्वयं उनके कार्यों को देखा और सेवा भावना की सराहना की।

उन्होंने स्वयंसेवकों से वृद्धजनों, महिलाओं और जरूरतमंद तीर्थयात्रियों की सहायता पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीएम ने बच्चों को इसी अनुशासन और सेवा भावना के साथ आगे भी श्रद्धालुओं की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया।

व्हीलचेयर से वृद्ध और जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद

विष्णुपद क्षेत्र में कुछ स्वयंसेवी युवा और बच्चे वृद्ध एवं असहाय श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर के माध्यम से घाट और मंदिर तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। डीएम ने इस सेवा कार्य का भी जायजा लिया और स्वयंसेवकों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सहयोग की भावना से भी जुड़ा है। वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को स्वयंसेवकों की ओर से मिल रही सहायता से उन्हें पिंडदान और दर्शन में सुविधा हो रही है।

सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त को निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विष्णुपद क्षेत्र और घाटों की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को मेला क्षेत्र में लगातार प्रभावी सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विष्णुपद क्षेत्र, घाटों, आवागमन वाले मार्गों और प्रमुख स्थानों पर सफाई कर्मियों की लगातार तैनाती रहे। कहीं भी कूड़ा जमा होने की स्थिति नहीं बननी चाहिए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सफाई कराई जाए।

डीएम ने मेला अवधि में नगर निगम के सफाई कर्मियों की ओर से किए जा रहे लगातार कार्यों की भी सराहना की और पूरी पितृपक्ष अवधि में इसी तरह सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर

जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, कतार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें सुरक्षित, सुगम, स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों, NCC और स्काउट गाइड समेत संबंधित विभागों के बीच समन्वय से कार्य किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page