जीविका और पंजाब नेशनल बैंक की समन्वय बैठक, महिला स्वयं सहायता समूहों को अधिक ऋण उपलब्ध कराने पर जोर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 अगस्त 2026,
गयाजी: महिला स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को गयाजी के होटल घराना ट्री में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) एवं जीविका के पदाधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक एवं जीविका के अधिकारियों ने महिला समूहों को ऋण सुविधा अधिक सुलभ बनाने और समयबद्ध वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की।
जीविका दीदियों को ऋण देने में नहीं हो कोई कमी
बैठक को संबोधित करते हुए पीएनबी के मंडल प्रमुख चैता पांडा ने शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि जीविका दीदियों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अग्रेतर ऋण सुविधा बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने पर बल दिया।
व्यक्तिगत वित्तपोषण को मिलेगी प्राथमिकता
जिला परियोजना प्रबंधक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सूक्ष्म ऋण तो उपलब्ध हो जाता है, लेकिन व्यवसाय का विस्तार करने वाली महिलाओं को समय पर व्यक्तिगत ऋण मिलना भी जरूरी है। बैठक में इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
समयबद्ध कार्ययोजना तय
प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) ब्रजेश कुमार ने बताया कि शाखावार व्यक्तिगत वित्तपोषण मामलों की समीक्षा की गई। फील्ड विजिट, ऋण स्वीकृति और वितरण की समय-सीमा क्रमशः 5 अगस्त, 15 अगस्त और 22 अगस्त 2026 निर्धारित की गई। साथ ही प्रत्येक पात्र स्वयं सहायता समूह सदस्य को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत शत-प्रतिशत बीमा कवरेज सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
क्रेडिट लिंकेज और सीएसपी विस्तार पर भी जोर
बैठक में 7 अगस्त तक बचत खाते एवं प्रथम सीसीएल दस्तावेजीकरण पूरा करने तथा 14 अगस्त तक पात्र खातों का संचालन सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया। प्रत्येक शाखा को स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज ऋण वितरण का लक्ष्य दिया गया। नए सीएसपी केंद्रों की स्थापना के प्रस्ताव भेजने, लंबित एनपीए एवं मृत्यु दावा मामलों के त्वरित निष्पादन तथा अगस्त माह में प्रत्येक स्वयं सहायता समूह से कम-से-कम एक व्यक्तिगत वित्तपोषण सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
बैठक में सभी अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीपीएम जीविका, पीएनबी के सर्किल हेड, एलडीएम गया, मुख्य प्रबंधक, शाखा प्रबंधक, एफआई नोडल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
