गयाजी में सामूहिक दुष्कर्म कांड का खुलासा: 24 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार, 5 मोबाइल बरामद
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 मई 2026,
गयाजी: जिला पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह जानकारी नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों के साथ साझा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 मई 2026 को बेलागंज थाना क्षेत्र में गया-पटना पैसेंजर ट्रेन नेयामतपुर हॉल्ट से करीब एक किलोमीटर पहले चेन पुलिंग के कारण रुक गई थी। इसी दौरान एक युवती जो जहानाबाद से आ रही थी, गलतफहमी में ट्रेन से उतर गई, जिसे नेयामतपुर हॉल्ट पर उतरना था। ट्रेन खुल जाने के बाद युवती पैदल आगे बढ़ने लगी।
इसी बीच ट्रेन से उतरे दो युवकों ने अंधेरे का लाभ उठाते हुए उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती रेलवे ट्रैक के पूर्व दिशा स्थित सुनसान बधार में ले गए और फोन करके अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। वहां सभी ने मिलकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
युवती ने किसी तरह इस घटना की सूचना स्थानीय थाने को दिया, सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थल को सुरक्षित किया। साथ ही डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को जांच के लिए बुलाया गया। इस मामले में 02 मई 2026 को बेलागंज थाना कांड संख्या-260/26 दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
🔹अंकित कुमार (अक्ल बिगहा)
🔹राहुल कुमार (काली स्थान कोरमा)
🔹अभिषेक कुमार (बेलागंज)
🔹अमरेन्द्र कुमार उर्फ मथुरा यादव (हरिगांव)
🔹उपेन्द्र कुमार उर्फ भूटा (उटा मानपुर, जहानाबाद)
गयाजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा को लेकर वह लगातार सतर्क और प्रतिबद्ध है। इस मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर शीघ्र आरोप पत्र दाखिल कर त्वरित न्याय प्रक्रिया के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
