गयाजी में बिजली तार चोरी गिरोह का लाइनर गिरफ्तार, 1 किलोमीटर तार, कटर और बाइक बरामद
आर्यावर्त वाणी |नीमचक बथानी /गयाजी | 02 नवम्बर 2026
गयाजी/नीमचक बथानी। गयाजी जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बथानी थाना क्षेत्र के काशी बिगहा गांव निवासी रंजीत यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब एक किलोमीटर चोरी का बिजली तार, एक कटर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
ग्रामीणों की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को बथानी से साइड रोड पर मलुक्काचक मोड़ एवं ढकना मोड़ के पास गेल इंडिया के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिशा में लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर से संबंधित लगभग 52 स्पैन यानी करीब 1.6 किलोमीटर बिजली का तार अज्ञात चोरों द्वारा काट लिया गया था। इस मामले में नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 228/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इसी दौरान शनिवार की रात ग्रामीणों ने सूचना दी कि रेहुआ गांव के पास कुछ लोग बिजली का तार काट रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसी क्रम में ग्रामीणों के सहयोग से रंजीत यादव को पकड़ लिया गया। मौके से एक मोटरसाइकिल और तार काटने का औजार भी जब्त किया गया।
पूछताछ में लाइनर की भूमिका का खुलासा
नीमचक बथानी के एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें सरबहदा के सीआई और बथानी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने तार चोरी करने वाले गिरोह के लिए लाइनर के रूप में काम करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि गिरोह में अलग-अलग टीमें तार काटने, उसकी ढुलाई और बिक्री का काम करती हैं। गिरोह के कुछ सदस्यों के नालंदा और गयाजी जिले से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया करीब एक किलोमीटर चोरी का बिजली तार बरामद किया गया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
