गयाजी में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 7 हजार रुपये रिश्वत लेते दो सरकारी अमीन गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 नवंबर 2026,
गयाजी। गयाजी शहर में निगरानी विभाग की पटना से आई टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सरकारी अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एपीआर मॉल के समीप से की गई। कार्रवाई के बाद निगरानी टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ लेकर पटना रवाना हो गई।
जमीन की मापी रिपोर्ट देने के बदले मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रोहित कुमार ने अपनी जमीन की मापी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि मापी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के एवज में दोनों अमीन उनसे 7 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। इससे परेशान होकर रोहित कुमार ने पटना निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने के बाद मंगलवार को टीम ने जाल बिछाया और एपीआर मॉल के समीप रिश्वत की रकम लेते हुए दोनों अमीन को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पटना ले गई टीम
गिरफ्तार आरोपियों के नाम अविनाश कुमार और दीपू कुमार बताए जा रहे हैं। हालांकि, निगरानी विभाग की ओर से फिलहाल दोनों की तैनाती, पदस्थापन स्थल और उनके आवासीय पते के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस कार्रवाई से संबंधित विभागीय महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
