गयाजी में देश के दूसरे गोट सीमेन स्टेशन का डीएम ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

0
IMG-20260728-WA0014.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 जुलाई 2026,

गयाजी: मंगलवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने पशुपालन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना गोट सीमेन स्टेशन (बकरी प्रजनन केंद्र) के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए टेकूना फार्म का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की चाहरदीवारी निर्माण में आ रही बाधाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।

कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) पारितोष कुमार, सहायक समाहर्ता, जिला पशुपालन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अंचलाधिकारी (बोधगया एवं गयाजी) तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति एवं सामने आ रही चुनौतियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

दक्षिण बिहार के पशुपालकों को मिलेगा बड़ा लाभ

जिलाधिकारी को बताया गया कि डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग द्वारा स्थापित किया जा रहा गोट सीमेन स्टेशन देश का दूसरा ऐसा केंद्र होगा। इसके शुरू होने से दक्षिण बिहार के बकरी पालकों को आधुनिक प्रजनन तकनीक का लाभ मिलेगा, जिससे बकरी पालन की गुणवत्ता और उत्पादकता में वृद्धि होगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

बकरी पालन में शुरू होगी कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा

अधिकारियों ने बताया कि गोट सीमेन स्टेशन के संचालन के बाद बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान (Artificial Insemination-AI) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे बेहतर नस्ल के बकरों का विकास, पशुधन की गुणवत्ता में सुधार तथा वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना राज्य में पशुपालन क्षेत्र के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page