डीएम ने मुखियाओं के साथ किया पंचायत विकास संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं की मांगी सूची

0
Screenshot_2026_0728_203527.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 जुलाई 2026,

गयाजी: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी पंचायतों के मुखियाओं के साथ पंचायत विकास संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बैठक में सभी प्रखंडों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों में विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी, स्थानीय समस्याओं की पहचान तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में समन्वित कार्ययोजना तैयार करना था।

हर पंचायत से एक प्रमुख जनकल्याणकारी योजना का चयन करने का निर्देश

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी मुखियाओं को निर्देश दिया कि वे अपनी पंचायत में सर्वोच्च प्राथमिकता वाली एक जनकल्याणकारी योजना का चयन कर उसका समेकित प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान चयनित योजनाओं का अनुश्रवण कर उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

पंचायतों की प्रमुख समस्याओं की सूची तैयार करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी मुखियाओं से कहा कि वे अपनी पंचायत की प्रमुख समस्याओं को सूचीबद्ध कर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को उपलब्ध कराएं। इससे पंचायत स्तर की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने और उनके समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकेगी।

तीन दिनों में जिला पंचायत राज कार्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट

बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी मुखियाओं से प्राप्त योजनाओं एवं प्रस्तावों का समेकन कर तीन दिनों के भीतर जिला पंचायत राज कार्यालय, गयाजी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से की जा सके।

समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया गया जोर

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page