गयाजी में देवघाट लेजर शो अगले आदेश तक स्थगित, अप्रत्याशित भीड़ और जल संसाधन विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन का निर्णय
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 अक्टूबर 2026
गयाजी: विष्णुधाम स्थित देवघाट एवं रबर डैम के आसपास उमड़ रही अप्रत्याशित भीड़ और जल संसाधन विभाग से प्राप्त सुरक्षा अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने देवघाट पर आयोजित होने वाले वायर लेजर शो को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। प्रशासन की ओर से यह निर्णय 4 अक्टूबर को देव एवं रबर डैम के नजदीक बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने के बाद लिया गया।
जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग से प्राप्त अलर्ट के मद्देनजर 05 अक्टूबर 2026 से देवघाट पर आयोजित लेजर शो को अगले आदेश तक स्थगित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं और आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में सुगम आवागमन बनाए रखना है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजनों से अपील की है कि वे गयाजी डैम के फुट ओवर ब्रिज और घाटों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और आवागमन को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन के अनुसार भीड़ की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद लेजर शो को पुनः शुरू करने के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा। तब तक आमजन प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से भीड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
