वजीरगंज में दीदी अधिकार केंद्र का उद्घाटन, महिलाओं की समस्याओं के समाधान में मदद करेंगी जीविका दीदियां

0
IMG-20261125-WA0006
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 नवम्बर 2026,


वजीरगंज (गयाजी)। ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और घरेलू हिंसा सहित विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं के समाधान में सहयोग देने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर 2026 को वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित जीविका कार्यालय परिसर में दीदी अधिकार केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर बीडीओ प्रभाकर सिंह ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्र महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से जीविका से जुड़ी महिलाओं को घरेलू हिंसा से बचाव, महिला अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। घरेलू प्रताड़ना या अन्य सामाजिक समस्याओं से जूझ रही महिलाओं को उचित परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकें।

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मिलेगी मदद

जीविका की प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) जुली कुमारी ने कहा कि केंद्र के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

जीविकोपार्जन विशेषज्ञ पंकज कुमार ने कहा कि दीदी अधिकार केंद्र का उद्देश्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं तक पहुंचाना है। जीविका दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को जागरूक करने और उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में जीविका से जुड़े कर्मियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आईं जीविका दीदियों ने भी भाग लिया। केंद्र के शुरू होने से ग्रामीण महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी मिलने और घरेलू व सामाजिक समस्याओं के समाधान में सहयोग मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page