विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए विश्वविद्यालय और उद्योगों के बीच समन्वय जरूरी : कुलपति

0
IMG-20261125-WA0002
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 नवम्बर 2026,


गयाजी। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं में कौशल विकास के साथ विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच संपर्क, संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों से जोड़कर विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। ये बातें दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट की ओर से आयोजित इंडस्ट्री-एकेडेमिया मीट में कहीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 में कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल से भी लैस करना है, ताकि वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें और आत्मनिर्भर बनें।

उन्होंने कहा कि सीयूएसबी का ध्येय ‘कैंपस फॉर कम्युनिटी’ है। इसके तहत विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है कि आसपास के गांवों और पूरे मगध क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण एवं शोध कार्य संचालित किए जाएं। विश्वविद्यालय आत्मनिर्भर कैंपस विकसित करने की दिशा में भी प्रयास कर रहा है, जिसमें कृषि संकाय की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कृषि प्रशिक्षण से किसानों और जीविका दीदियों को भी लाभ

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के कृषि संकाय में विद्यार्थियों के साथ आसपास के किसानों और जीविका दीदियों को भी खेती-बाड़ी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कृषि पाठ्यक्रम के तहत हॉर्टिकल्चर, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, गोपालन, धानरोपण तथा कृषि एवं पशुधन से संबंधित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। आसपास के ग्रामीण भी विश्वविद्यालय परिसर में आकर इन विषयों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सीयूएसबी और मगध क्षेत्र के उद्योग मिलकर स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर सकते हैं।

उद्योग प्रतिनिधियों ने बताईं रोजगार की संभावनाएं

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि बैठक में मगध क्षेत्र के कई उद्योग एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें मगध इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार केडिया, गया चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रमोद भदानी, एसोसिएशन के संरक्षक कौशलेन्द्र प्रताप, उपाध्यक्ष प्रेम नारायण पटवा, गया चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त सचिव उमेश कुमार गुप्ता, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट से जय कुमार, सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के टेक्सटाइल सचिव प्रवीण कुमार तथा अन्नपूर्णा दाल मिल प्राइवेट लिमिटेड के कान्हा अग्रवाल और हर्ष अग्रवाल शामिल हुए।

अपने संबोधन में डॉ. अनूप कुमार केडिया ने विभिन्न व्यवसायों में युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने कॉमर्स, मैनेजमेंट और लॉ के विद्यार्थियों के लिए कॉर्पोरेट एवं व्यावसायिक क्षेत्र में संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए अकाउंटिंग और लॉ के विद्यार्थियों के लिए साइबर लॉ के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों का उल्लेख किया।

बैठक में अन्य उद्योग प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए और सीयूएसबी के साथ कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

विश्वविद्यालय के कई विभागों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन कुलपति के संरक्षण में लाइफ साइंस विभाग के प्रो. राम प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, प्रो. दुर्ग विजय सिंह, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. ब्रजेश कुमार, प्रो. अवनीश कुमार सिंह, प्रो. प्रभात रंजन, प्रो. जयनाथ यादव, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. अबोध कुमार, प्रो. सुब्रत कुमार भट्टामीश्रा, डॉ. नेमी चंद्र राठौर, डॉ. प्रशांत, डॉ. हेमंत कुमार सिंह, डॉ. राधेश्याम ढोले, डॉ. विजय माहोरे और सहायक कुलसचिव शशि रंजन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page