निर्जला एकादशी को लेकर प्रशासन अलर्ट, विष्णुपद और देवघाट में सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जून 2026,
गयाजी: 25 एवं 26 जून को मनाए जाने वाले निर्जला एकादशी पर्व को लेकर गयाजी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सोमवार को विष्णुपद मंदिर और देवघाट का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, 25 जून की दोपहर से ही दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात्रि विश्राम के लिए विष्णुपद मंदिर परिसर और देवघाट में ही रुकेंगे तथा 26 जून की सुबह स्नान और पूजा-अर्चना के बाद अपने घरों को प्रस्थान करेंगे।
मंदिर सुबह 3 बजे खुलेगा, पूरी रात रहेगी भीड़
विष्णुपद मंदिर के पुरोहितों ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है। मंदिर रात्रि 11 बजे बंद होता है और अगले दिन प्रातः 3 बजे पट खुल जाता है। इसके बाद सुबह 4 बजे मंगल आरती के साथ श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं।
देवघाट पर स्नान, शौचालय और चेंजिंग रूम की विशेष व्यवस्था
जिला पदाधिकारी ने देवघाट पर महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्नानागारों को चालू रखने का निर्देश दिया है। देवघाट पर श्रद्धालुओं के लिए—
🔹38 पुरुष शौचालय
🔹30 महिला शौचालय
🔹3 स्नानागार
🔹50 चेंजिंग रूम
की व्यवस्था की गई है। नगर निगम को सभी सुविधाओं की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
दो पालियों में होगी सफाई, फॉगिंग और पानी का छिड़काव
नगर आयुक्त ने बताया कि आउटसोर्सिंग एजेंसी और नगर निगम के सफाईकर्मी दो पालियों में लगातार सफाई कार्य करेंगे। श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए फॉगिंग मशीन और स्प्रिंकलर के माध्यम से पानी का छिड़काव भी किया जाएगा।
साथ ही, घाटों और रास्तों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को विष्णुपद क्षेत्र के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार कर सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि विष्णुपद मंदिर, देवघाट, गजाधर घाट सहित सभी प्रमुख स्थानों पर दिन और रात दोनों समय पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। मंदिर परिसर और गर्भगृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार निगरानी के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
मेडिकल टीम, एंबुलेंस और ओआरएस की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघाट पर एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम की तैनाती की जाएगी। साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाएं और ओआरएस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गर्मी से राहत के लिए पेयजल और वाटर कूलर की व्यवस्था
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने विष्णुपद क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर पानी के टैंकर लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा शुद्ध ठंडे पेयजल की व्यवस्था के लिए सुधा डेयरी के सहयोग से भी पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि रात्रि में भी टैंकरों में पानी की निरंतर आपूर्ति बनी रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दर्शन के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग, मैट और पंखों की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मजबूत जिग-जैग बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि लोग कतारबद्ध तरीके से दर्शन कर सकें। गर्मी को देखते हुए जमीन पर मैट और दरियां बिछाने, पर्याप्त संख्या में पंखे और वाटर कूलर लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सूर्यकुंड क्षेत्र में भी आवश्यक तैयारियां और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था, वरीय उप समाहर्ता पर्यटन शाखा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, बिजली विभाग, पीएचईडी विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
