गयाजी के सभी 25 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 जुलाई 2026,
गयाजी: बिहार सरकार की गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक विद्यालयी शिक्षा की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के साथ गयाजी जिले के सभी 25 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक संसाधनों से लैस विद्यालय विकसित कर छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रत्येक प्रखंड में एक मॉडल स्कूल
योजना के तहत गयाजी जिले के सभी 24 प्रखंडों में एक-एक विद्यालय तथा शहर के एक +2 जिला स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। इन विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छात्रों को समान अवसर उपलब्ध होंगे।
प्लस-टू जिला स्कूल में हुआ मुख्य समारोह
जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), प्लस-टू जिला स्कूल, गयाजी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, जिला परिषद अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, फीता काटा और शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।
शिक्षा से होगा समाज का विकास: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि मॉडल स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में छात्रों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण, अनुशासित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया तथा अभिभावकों और शिक्षकों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों के विकास पर भी जोर देने की अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा उद्घाटन समारोह
जिले के सभी 25 मॉडल स्कूलों में उद्घाटन के अवसर पर स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां दीं और अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नई शिक्षा नीति को मिलेगी मजबूती
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि गया जिले के सभी 25 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र बनेंगे और नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
