खिजरसराय प्रखंड के पहाड़पुर में किसानों की बैठक, समस्याओं को लेकर जताया आक्रोश

0
IMG-20260123-WA0006.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जनवरी 2026,

खिजरसराय। शुक्रवार दिनांक 23 जनवरी 2026 को जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत सिसवर पंचायत के ग्राम पहाड़पुर में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक सामाजिक कार्यकर्ता विद्याभूषण सेनापति के अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से परिमार्जन प्लस पोर्टल में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कतों को लेकर किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने बताया कि परिमार्जन प्लस में त्रुटियों के कारण भूमि से जुड़े कई कार्य लंबित हैं, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा खाद वितरण व्यवस्था में अनियमितता और कालाबाजारी, खेतों में सिंचाई की गंभीर समस्या, तथा पैक्स अध्यक्षों द्वारा किसानों की धान खरीद में टालमटोल किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीद में जानबूझकर देरी की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक में राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा की जा रही मनमानी पर भी तीखी चर्चा हुई। किसानों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय पर कार्य नहीं होने और अनावश्यक परेशान किए जाने से किसान वर्ग में भारी रोष है।

इस बैठक में राजीव कुमार, कौशल कुमार, अखिलेश कुमार, सुधीर कुमार, अजय कुमार, नवलेश कुमार, अयोध्या प्रसाद, कपिलदेव राम, आबिद अंसारी, अखिलेश प्रसाद, उपेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

सामाजिक कार्यकर्ता विद्याभूषण सेनापति ने कहा कि इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर खिजरसराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सत्याग्रह करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। किसानों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को रखने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने का संकल्प लिया।

बैठक के अंत में किसानों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page