खिजरसराय में जमीन विवाद ने ली जान: 65 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या, 8 नामजद

0
IMG-20260506-WA0004.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 मई 2026,

गयाजी: जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के वनारसी बिगहा गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद ने एक महिला की जान ले ली। मृतका की पहचान 65 वर्षीय पार्वती देवी, पत्नी भोला यादव के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 6 बजे की है, जब वह घर के सामने स्थित सरकारी चापाकल पर पानी लेने गई थीं। इसी दौरान विवाद बढ़ा और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजनों के अनुसार, गांव के राजेंद्र यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने पार्वती देवी पर हमला किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं। गंभीर हालत में उन्हें खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

20 साल पुराना बंटवारा बना विवाद की जड़

मृतका के दिव्यांग पुत्र भुवन कुमार ने बताया कि करीब 20 साल पहले परिवार में 5 बीघा जमीन का बंटवारा हो चुका था और सभी भाई अपने-अपने हिस्से में शांतिपूर्वक रह रहे थे। आरोप है कि पिछले छह महीनों से उनके चाचा राजेंद्र यादव पुराने मेढ़ को तोड़कर अधिक जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसको लेकर अंचल कार्यालय और थाना में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जनता दरबार में नहीं हुए पेश, बढ़ता गया तनाव

भुवन के मुताबिक, नोटिस मिलने के बावजूद आरोपी जनता दरबार में उपस्थित नहीं हुए और अन्य प्लॉट पर भी दावा करने लगे। इसी कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था, जो अंततः हिंसक घटना में बदल गया।

8 आरोपियों पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद पहुंची पुलिस और आक्रोशित ग्रामीण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page