बेलमा उच्च विद्यालय में सीयूएसबी के स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान

0
IMG-20260928-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 सितंबर 2026

गयाजी: देशव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के प्रो बोनो क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा बेलमा उच्च विद्यालय में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के ‘समुदाय के लिए परिसर’ के ध्येय वाक्य के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से मासिक धर्म स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए मासिक धर्म स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान प्रो बोनो क्लब के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं, भ्रांतियों और संकोच को दूर करने का संदेश दिया। छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी गई। नाटक के माध्यम से स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के बीच संबंध को भी समझाया गया।

नुक्कड़ नाटक का मंचन प्रो बोनो क्लब के स्वयंसेवकों प्रगति शांडिल्य, रोशन कुमार, आशीष कुमार, अनुष्का, आकांक्षा, हर्षिता, किशलेय पांडेय सहित अन्य स्वयंसेवकों ने किया।

विद्यार्थियों को हाथ धोने की सही तकनीक बताई

कार्यक्रम के दौरान सीयूएसबी की टीम ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया। स्वयंसेवकों ने हाथ धोने की उचित तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया तथा विद्यालय एवं घर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के महत्व पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र समन्वयक ममतेश कुमार ने अभियान के उद्देश्य और विद्यालय भ्रमण के प्रमुख लक्ष्यों की जानकारी विद्यार्थियों को दी।

मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर झिझक दूर करने पर जोर

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण प्रज्ञा राज सोनी का जानकारीपरक संबोधन रहा। उन्होंने मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता उत्पादों को खरीदने और उपयोग करने के दौरान युवा छात्राओं द्वारा अनुभव किए जाने वाले संकोच एवं सामाजिक असहजता पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर बिना झिझक जानकारी लेने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया।

व्यावहारिक जानकारी के तहत विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना एवं मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य योजना जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

प्रो. अशोक कुमार के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन

कार्यक्रम स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के अधिष्ठाता प्रो. अशोक कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रो बोनो क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. देव नारायण सिंह एवं ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने कार्यक्रम का समन्वय किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रो. अनिल कुमार सिंह झा एवं प्रो. अतिश पाराशर ने छात्र स्वयंसेवकों एवं आयोजकों को बधाई दी। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page