सीयूएसबी और एलएनएमयू के संयुक्त एनईपी-2020 उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ, 13 राज्यों के 150 से अधिक प्रतिभागी जुड़े

0
IMG-20260923-WA0008.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 सितंबर 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर आठ दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ऑनलाइन आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 13 राज्यों के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों और शैक्षणिक संगठनों से 150 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए।

यह कार्यक्रम यूजीसी के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम (MMTTPP) के तहत शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। यह इस श्रृंखला का 21वां कार्यक्रम है।

संस्थागत विकास योजना पर हुई चर्चा

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए. रविंद्रनाथ ने ‘संस्थागत विकास योजना’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने 21वीं सदी के विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नई शिक्षण पद्धतियों और मूल्यांकन तकनीकों की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने संस्थागत विकास के लिए शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ नेतृत्व, प्रशासन, आधारभूत संरचना और वित्तीय संसाधनों को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार संस्थान की स्पष्ट दृष्टि, मजबूत नेतृत्व, सहभागी प्रशासन और लगातार गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया से एनईपी-2020 के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है।

एनईपी-2020 को लेकर कुलपति ने रखे विचार

सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि नीति में विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, नवाचार, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों के समग्र विकास पर जोर दिया गया है।

उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्यों की चर्चा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार और समाजोन्मुख गतिविधियों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब समाज के सभी वर्गों की भागीदारी हो और उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यक्रम में कई शिक्षक रहे शामिल

कार्यक्रम का संचालन सीयूएसबी के राजनीति विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. जाधव प्रताप सिंह ने किया। शिक्षक-शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. मितांजलि साहू ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।

सीयूएसबी के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रो. तरुण कुमार त्यागी ने कार्यक्रम की रूपरेखा और इसकी प्रासंगिकता पर जानकारी दी। वहीं एलएनएमयू की कार्यक्रम समन्वयक एवं IQAC की कोऑर्डिनेटर प्रो. जिया हैदर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम का आयोजन सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह और एलएनएमयू के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page