गयाजी में 11-12 जुलाई को होगा नव निर्वाचित विधायकों का प्रबोधन कार्यक्रम, तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

0
IMG-20260706-WA0004.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 06 जुलाई 2026,

पटना: बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए 11 एवं 12 जुलाई को गयाजी स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित होने वाले दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा को लेकर सोमवार को बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी शामिल हुए।

विधायी कार्यों का मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

बैठक में बताया गया कि यह प्रबोधन कार्यक्रम बिहार विधानसभा सचिवालय, प्राइड (लोकसभा) तथा बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा की संस्था प्राइड के विशेषज्ञ प्रशिक्षक विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं तथा सदन के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी देंगे।

कई शीर्ष संवैधानिक और राजनीतिक हस्तियां होंगी शामिल

दो दिवसीय कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तथा बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

व्यवस्थाओं को लेकर अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश

बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन्स के आवास, प्रोटोकॉल, सुरक्षा, भोजन, वाहन पार्किंग, मीडिया कवरेज तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।

सरकार ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा

उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। वहीं बिपार्ड के महानिदेशक बी. राजेंद्र ने आश्वासन दिया कि विधानसभा सचिवालय के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

समीक्षा बैठक में बिपार्ड के महानिदेशक बी. राजेंद्र, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के. सुहिता अनुपम, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, विधानसभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page