गयाजी में 3 देशी पिस्टल, 6 मैगजीन और 19 कारतूस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20260706-WA0001.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 जुलाई 2026,

गयाजी: जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोंच थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन देशी पिस्टल, छह मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस, दो मिस फायर कारतूस तथा एक कार बरामद की गई है। इधर पुलिस फरार सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

बड़ी घटना की फिराक में पहुंचा था आरोपी

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और हथियार तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 जुलाई को कोंच थाना को सूचना मिली कि टिकारी थाना क्षेत्र के टेप्पा निवासी मुकेश शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा कोंच थाना क्षेत्र के सिन्दुआरी गांव में अपने रिश्तेदार के यहां अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से पहुंचा है।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (टिकारी) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सिन्दुआरी गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी छत के रास्ते भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

तलाशी में हथियारों का जखीरा बरामद

गिरफ्तार आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद घर की तलाशी में रसोई से टिन के डिब्बे में छिपाकर रखा गया एक और लोडेड देशी पिस्टल तथा छह जिंदा कारतूस मिले।

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक सहयोगी के पास भी हथियार रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सहयोगी के घर छापेमारी की, जहां से एक और लोडेड देशी पिस्टल तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हालांकि, सहयोगी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

कार से भी मिले मैगजीन और कारतूस

पुलिस ने आरोपी की कार की तलाशी ली तो उसमें रखे एक बैग से दो खाली मैगजीन, एक मैगजीन में दो मिस फायर कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियारों और कारतूसों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में कोंच थाना कांड संख्या 115/26, दिनांक 5 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसका संबंध किसी हथियार तस्करी गिरोह या आपराधिक नेटवर्क से है या नहीं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page