डॉ. द्वारका दास नीमा ने संभाला गया अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य का पदभार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 जुलाई 2026,
गयाजी: गया अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC), गयाजी को नए नियमित प्राचार्य के रूप में डॉ. द्वारका दास नीमा का नेतृत्व मिला है। उन्होंने सोमवार को महाविद्यालय के प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जहानाबाद में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। डॉ. नीमा आयोग द्वारा नियुक्त नियमित (Commissioned) प्राचार्य हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. नीमा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना, अनुसंधान एवं नवाचार को सुदृढ़ करना तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास को गति देना है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले महाविद्यालय का प्रभार डॉ. राजन सरकार के पास था, जिन्होंने प्रभारी प्राचार्य के रूप में संस्थान का संचालन किया। अब नियमित प्राचार्य की नियुक्ति से महाविद्यालय के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
