नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर रिश्वत लेते कनीय अभियंता और तकनीशियन गिरफ्तार

0
1784710135371.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | भागलपुर | 21 जुलाई 2026,

भागलपुर: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भागलपुर के कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र से एक कनीय अभियंता और एक तकनीशियन को 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

नया बिजली कनेक्शन देने के एवज में मांगी गई थी रिश्वत

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित कुमार, कनीय अभियंता, कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र तथा सौरभ कुमार, जीनस कंपनी (स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कंपनी) के तकनीशियन शामिल हैं। दोनों पर नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

परिवादी संतोष कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि नया बिजली कनेक्शन देने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

रंगे हाथ गिरफ्तार, न्यायालय में होगी पेशी

ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कचहरी रोड स्थित कौटिल्या नॉर्थ विद्युत उपकेंद्र परिसर से 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को विशेष न्यायालय (निगरानी), भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

2026 में निगरानी ब्यूरो की 80वीं ट्रैप कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 86वां मामला दर्ज किया गया है। इनमें 80 ट्रैप मामलों में अब तक 80 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इस वर्ष अब तक 29.18 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page