पितृपक्ष मेला 2026: विष्णुपद मंदिर समेत प्रमुख स्थलों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट, होटल-गेस्ट हाउसों की होगी विशेष जांच

0
Screenshot_2026_0722_141403.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जुलाई 2026,

गयाजी: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को वरीय जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह की अध्यक्षता में विष्णुपद मंदिर एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, जन-जागरूकता और अग्नि अंकेक्षण (फायर ऑडिट) को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउसों का होगा विशेष फायर ऑडिट

अग्निशमन विभाग ने विष्णुपद मंदिर के आसपास स्थित सभी होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस एवं अन्य आवासीय परिसरों में विशेष अभियान चलाकर फायर ऑडिट और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। साथ ही इन संस्थानों का श्रेणीवार निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

तीन चरणों में होगी सुरक्षा जांच

विभाग ने सभी भवनों को तीन श्रेणियों में बांटकर निरीक्षण की योजना बनाई है। पहले चरण में बड़े होटल एवं बहुमंजिला भवन, दूसरे चरण में छोटे होटल एवं गेस्ट हाउस तथा तीसरे चरण में आवासीय भवनों और पंडा आवासों की जांच की जाएगी।

बिजली और गैस सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में बिजली के तारों, विद्युत भार और एलपीजी सिलेंडरों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कमरों, बेसमेंट, गलियारों, सीढ़ियों और आपात निकास मार्गों पर गैस सिलेंडर रखने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सीलिंग सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल टीम, रूट चार्ट और जागरूकता अभियान की तैयारी

अग्निशमन विभाग ने मंदिर क्षेत्र के लिए रूट चार्ट, मैप और कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने, हाइड्रेंट एवं जल स्रोतों की सूची बनाने तथा मंदिर घाटों और प्रमुख स्थलों पर मोबाइल फायर टीमों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बैनर, पोस्टर, पंपलेट, नुक्कड़ नाटक, प्रोजेक्टर और अन्य माध्यमों से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सुरक्षित और व्यवस्थित मेले पर प्रशासन का जोर

अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक फायर सेफ्टी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page