अंतर-पूर्वी क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए असम रवाना हुई मगध विश्वविद्यालय की महिला टीम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 नवम्बर 2026,
गयाजी। अंतर-पूर्वी क्षेत्रीय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मगध विश्वविद्यालय, बोधगया की महिला बैडमिंटन टीम असम के लिए रवाना हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन असम स्थित असम रॉयल विश्वविद्यालय में किया जाएगा। टीम के रवाना होने के अवसर पर गया कॉलेज के प्राचार्य एवं एथलेटिक्स सोसाइटी के अध्यक्ष ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
तीन खिलाड़ी करेंगी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व
मगध विश्वविद्यालय की महिला बैडमिंटन टीम में खुशी कुमारी, सिद्धि गुप्ता और वैभवी मिश्रा शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम के साथ गया कॉलेज के पीटीआई श्री अंजनी कुमार टीम मैनेजर एवं कोच के रूप में असम रवाना हुए हैं।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र और एथलेटिक्स सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत हासिल करने तथा मगध विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में सफलता हासिल करेगी और विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएगी।
