गयाजी में एनआई एक्ट विशेष लोक अदालत का आयोजन, दो मामलों का हुआ निष्पादन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 नवम्बर 2026,
गयाजी। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय, गयाजी और अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, शेरघाटी में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य चेक बाउंस से जुड़े लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान करना था।
दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया उद्घाटन
विशेष लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह, प्रभारी सचिव रिचा रंजन, एसीजेएम-5 सौम्या और पैनल अधिवक्ता कुमारी सुमन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से एनआई एक्ट के लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है। इससे पक्षकारों के समय, धन और ऊर्जा की बचत होती है तथा न्यायालयों में लंबित मुकदमों का बोझ भी कम होता है। उन्होंने लोक अदालत को विवादों के समाधान का सरल, सुलभ और प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन पक्षकारों के मामलों का निष्पादन इस विशेष लोक अदालत में नहीं हो सका है, वे 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए संबंधित न्यायालय में संपर्क कर अपने मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकते हैं।
दो बेंचों के माध्यम से हुई सुनवाई
विशेष लोक अदालत के सफल संचालन के लिए दो बेंचों का गठन किया गया था। व्यवहार न्यायालय, गया में बेंच संख्या-1 पर एसीजेएम-5 सौम्या और पैनल अधिवक्ता कुमारी सुमन सिंह ने मामलों की सुनवाई की। वहीं, अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, शेरघाटी में बेंच संख्या-2 पर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मनोज कुमार और पैनल अधिवक्ता बलवंत कुमार ने सुनवाई एवं निष्पादन की प्रक्रिया पूरी कराई।
दो मामलों का हुआ निष्पादन
आयोजित विशेष लोक अदालत में कुल दो मामलों का निष्पादन किया गया। इन मामलों में कुल 10,27,764 रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई।
इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता, बैंक प्रतिनिधि और संबंधित पक्षकार उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया के कर्मचारियों एवं पारा लीगल वालंटियर (पीएलवी) ने सहयोग किया।
