गयाजी में जिला स्तरीय बाल दरबार का आयोजन, बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 नवम्बर 2026,
गयाजी। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सुनने के उद्देश्य से शनिवार को प्रखंड सभागार, गयाजी सदर में जिला स्तरीय बाल दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, गयाजी की जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा तथा प्रथम संस्था के कर्मियों ने भाग लिया।
बच्चों ने खुलकर रखे अपने विचार
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, समानता और सम्मान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। साथ ही उन्होंने अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को भी साझा किया।
मौलिक अधिकारों और सुरक्षित वातावरण की दी गई जानकारी
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा ने बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के महत्व के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने विचार स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का अधिकार है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए परिवार और समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
बच्चों की आवाज को मंच देना कार्यक्रम का उद्देश्य
बाल दरबार का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी बात रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बाल हित से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करना था। इस तरह के आयोजन बच्चों की समस्याओं को समझने और उनके विचारों को महत्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
