सीयूएसबी के शोधार्थी असगर हुसैन को बीएचयू में मिला सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 नवम्बर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के भूविज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी असगर हुसैन को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सम्मेलन का विषय ‘पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान में प्रगति: चुनौतियां एवं अवसर’ था। उनके शोध पोस्टर को पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक योगदान के लिए सराहना मिली।
इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा और भूविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने असगर हुसैन को बधाई दी।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि असगर हुसैन प्रो. के. मिलनकुमार शर्मा के निर्देशन में शोध कर रहे हैं। उनके पुरस्कृत पोस्टर का शीर्षक ‘भारत के सौराष्ट्र प्रायद्वीप के घोघा एवं भुंभली स्थित गज संरचना से प्राप्त मियोसीन कालीन कशेरुकी जीव-जंतु : पुरा-पर्यावरणीय एवं पुरा-पारिस्थितिकीय निहितार्थ’ है। इस शोध के सह-लेखकों में प्रो. के. मिलनकुमार शर्मा, हेमानंद साहू, तुषार रंजन महंती और राजीव पटनायक शामिल हैं।
डेढ़ करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्मों का अध्ययन
यह शोध गुजरात के सौराष्ट्र बेसिन में कशेरुकी जीवाश्म विज्ञान पर केंद्रित है। इसमें पिरम द्वीप, भुंभली और घोघा के जीवाश्म-समृद्ध स्थलों का अध्ययन किया गया है। शोध के दौरान शार्क के दांत, बोटोइड यानी किरण-पंखी मछलियों के अवशेष, मगरमच्छ के दांत और स्तनधारी जीवों के जीवाश्मों का विश्लेषण किया गया। ये जीवाश्म लगभग 1.5 करोड़ वर्ष पुराने मियोसीन भूवैज्ञानिक काल के हैं।
डॉरकैथेरियम प्रजाति के दांतों की पहली बार पहचान
अध्ययन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि संबंधित क्षेत्र से डॉरकैथेरियम प्रजाति के स्तनधारी जीवों के दांतों की पहली बार पहचान और अभिलेखन है। यह खोज स्थलीय पुरा-जैवभौगोलिकी की समझ को नई दिशा देने के साथ-साथ मियोसीन काल के वैश्विक जीवाश्म अभिलेखों के संदर्भ में क्षेत्र की प्राचीन पर्यावरणीय, जलवायवीय और पारिस्थितिकीय परिस्थितियों के पुनर्निर्माण में सहायक मानी जा रही है।
अपनी उपलब्धि पर असगर हुसैन ने शोध पर्यवेक्षक प्रो. के. मिलनकुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग और विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार सिंह के प्रोत्साहन के प्रति आभार जताया। उन्होंने सह-लेखकों के योगदान तथा शोध प्रस्तुत करने का अवसर देने के लिए बीएचयू की आयोजन समिति को भी धन्यवाद दिया।
