गया कॉलेज के शिक्षाशास्त्र विभाग में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन, बैडमिंटन में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 अगस्त 2026
गयाजी: शनिवार को गया कॉलेज के शिक्षाशास्त्र विभाग में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र के दिशा-निर्देश में आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बालक एवं बालिका वर्ग के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता प्रमुख रही।
विद्यार्थियों ने दिखाया खेल कौशल
बैडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया।
शिक्षाशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय धीरज ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया। डॉ. धीरज ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में गया कॉलेज के खिलाड़ी एशियाड और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर कॉलेज का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
आयुष राज और ज्योत्सना बने विजेता
बैडमिंटन के पुरुष वर्ग में आयुष राज ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि दिवाकर कुमार उपविजेता रहे। वहीं बालिका वर्ग में ज्योत्सना विजेता और अंजली राज उपविजेता रहीं।
सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को विभाग की ओर से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार मिलने के बाद खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
खेल प्रशिक्षक की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न
सभी खेल प्रतियोगिताएं खेल प्रशिक्षक विदुषी कुमारी की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने बढ़ाया उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक आम्रेंद्र कुमार, निकहत परवीन एवं अजय शर्मा सहित शिक्षिकेतर कर्मचारी कुमारी, संगीता राय, मोजाहिद इमाम अहमद, विकास कुमार एवं मोहम्मद साबिर उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया।
