नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : डॉ. प्रेम कुमार

0
IMG-20260821-WA0000.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 अगस्त 2026

गयाजी: केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, क्षेत्रीय कार्यालय गयाजी द्वारा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ विषय पर एकदिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर, मानपुर, गयाजी में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं गयाजी के विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीनियर क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट एवं माइंडफुल माइंड सेंटर, गयाजी की निदेशक डॉ. स्वेता कुमारी, कंसल्टेंट क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, मिलिट्री हॉस्पिटल गयाजी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण उपस्थित रहे।

युवाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के ‘मानस’ एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने की भी अपील की।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नशामुक्त युवा विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर ले जाएगा।

मनोवैज्ञानिक और क्लिनिकल पहलुओं की दी जानकारी

डॉ. स्वेता कुमारी ने नशे की लत के मनोवैज्ञानिक एवं क्लिनिकल पहलुओं पर विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक परिस्थितियां व्यक्ति को नशे की ओर धकेल सकती हैं।

उन्होंने तनाव एवं विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए सकारात्मक ‘कोपिंग मैकेनिज्म’ अपनाने की सलाह दी। स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच, परिवार एवं मित्रों का सहयोग तथा रचनात्मक गतिविधियों को नशे से बचाव में महत्वपूर्ण बताया।

चित्रकला और लूडो प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

कार्यक्रम से पूर्व आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कक्षा 9 की छात्राओं आराध्या कुमारी, निशु कुमारी एवं श्वेता कुमारी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं लूडो प्रतियोगिता की विजेता गुंजा कुमारी एवं सुहानी कुमारी को उपहार, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।

नाटक के जरिए दिखाए नशे के दुष्परिणाम

कार्यक्रम के दौरान गीत एवं नाटक से जुड़े विभाग के एम्पैनल्ड कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को भी प्रभावित करता है और गंभीर सामाजिक समस्याओं को जन्म देता है। प्रस्तुति को विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

विद्यालय स्तर पर जागरूकता को जरूरी बताया

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार प्रवीण ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, गयाजी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम का संचालन हर्ष सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अरविंद कुमार ने किया। इस अवसर पर विभाग के शंभू पंडित एवं दीपक कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्थानीय निवासी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जागरूकता गतिविधियों, प्रतियोगिताओं, विशेषज्ञों के संबोधन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page