मनरेगा भुगतान में कमीशन मांगना पड़ा महंगा, जहानाबाद के मुखिया 12 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0801_230535.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 01 अगस्त 2026,

जहानाबाद। भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के पंडौल पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को शकुराबाद बाजार स्थित नेहालपुर मोड़ के पास की गई।

मनरेगा भुगतान के बदले मांगा था कमीशन

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, पोखवां गांव निवासी प्रमोद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने और उनकी पुत्रवधू ने मनरेगा की दो योजनाओं में मजदूरी एवं मेठ का कार्य किया था। दोनों योजनाओं का लगभग 1.64 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था। इसके बाद पंचायत के मुखिया नन्दकिशोर राम ने भुगतान के एवज में 12 हजार रुपये कमीशन की मांग की।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए मुखिया को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विशेष न्यायालय में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके उपरांत उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में यह 89वीं एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, ट्रैप (रंगे हाथ गिरफ्तारी) से संबंधित यह 85वां मामला है। अब तक 84 अभियुक्तों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जा चुका है तथा कुल 30.25 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत राशि बरामद की गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page