गयाजी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: वायरल वीडियो के बाद पॉक्सो, आईटी और एससी/एसटी एक्ट के तहत FIR, आरोपी फरार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जून 2026,
गयाजी: जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र में एक युवक के कई युवतियों के साथ वीडियो वायरल होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अब इंटर की एक नाबालिग छात्रा ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के भाई के आवेदन पर पुलिस ने आरोपी रेहान अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़िता के भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता बांकेबाजार में किराए के मकान में रहकर इंटर की पढ़ाई करती है। उसके माता-पिता दिल्ली में काम करते हैं, जबकि उसका भाई गांव में रहता है। परिजनों को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नाबालिग से बातचीत की, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पीड़िता के भाई के लिखित आवेदन पर बांकेबाजार थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दुष्कर्म संबंधी धाराओं, पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस को मिले कई वीडियो, जांच जारी
पुलिस को जांच के दौरान कई वीडियो मिले हैं, जिनमें से कुछ वीडियो आरोपी और विभिन्न युवतियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ वीडियो बांकेधाम पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए हैं। सभी वीडियो को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच में लगाया गया है। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आरोपी फरार, कई ठिकानों पर छापेमारी
बांकेबाजार पुलिस के अनुसार, आरोपी रेहान अंसारी फिलहाल फरार है। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार से बाहर चला गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के सोशल मीडिया खातों पर मिले वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री का किसी प्रकार से दुरुपयोग तो नहीं किया गया।
पुलिस ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
शेरघाटी डीएसपी-1 संदीप कुमार ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए कानून के तहत पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी तथा जांच पूरी होने के बाद ही कई तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
