मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध; संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

0
1782301800594.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जून 2026,

गयाजी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि 23 जून को मेहंदी, 25 जून को ताजिया अपने-अपने इमामबाड़ों में स्थापित किए जाएंगे, 26 जून को ताजिया जुलूस कर्बला तक जाएगा तथा 27 जून की रात्रि में अखाड़ा एवं शिया समुदाय का मातमी जुलूस निकाला जाएगा।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, निर्धारित मार्ग से ही निकलेंगे जुलूस

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिस प्रकार रामनवमी और बकरीद के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखी गई थी, उसी प्रकार मुहर्रम भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में डीजे के उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सभी जुलूसों के रूट का सत्यापन कर लिया गया है और कोई भी जुलूस निर्धारित मार्ग से हटकर नए रूट पर नहीं निकलेगा। प्रशासन ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

ताजिया की ऊंचाई का आकलन करने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि ताजिया की ऊंचाई का पूर्व आकलन कर लें ताकि बिजली के तार या अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही प्रत्येक जुलूस में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए अलग टीम बनाने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर सूचना दें।

ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी

जिला प्रशासन ने मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। नगर निगम को कर्बला एवं जुलूस मार्गों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी, वॉच टावर और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की भी व्यवस्था की जा रही है।

बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा कोई जुलूस : एसएसपी

वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों के लाइसेंसधारी समितियों को ही इस वर्ष लाइसेंस जारी किया जा रहा है और बिना लाइसेंस के एक भी जुलूस नहीं निकलेगा।

एसएसपी ने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रहे हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संभावित साम्प्रदायिक तनाव को देखते हुए कई स्थानों पर धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

मेडिकल और बिजली व्यवस्था भी रहेगी दुरुस्त

जिला प्रशासन ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि मुख्य स्थानों पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती की जाए और सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा जाए। वहीं बिजली विभाग को जुलूस मार्गों की जांच कर आवश्यक स्थानों पर अभियंताओं की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को मुहर्रम की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मुहर्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page