सीयूएसबी के दो छात्रों ने डीबीटी-जेआरएफ-बीईटी 2026 परीक्षा में लहराया परचम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जून 2026,
गयाजी: शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के दो विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित डीबीटी-जेआरएफ-बीईटी 2026 परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय की छात्रा चेतना झा एवं छात्र सिबंकर मलिक ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट-बायोटेक्नोलॉजी (GAT-B) एवं बायोटेक्नोलॉजी एलिजिबिलिटी टेस्ट (BET)-2026 में सफलता प्राप्त की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, बायोटेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार सहित विभाग के अन्य शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि बायोटेक्नोलॉजी विभाग के शिक्षकों के प्रभावी मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का ही परिणाम है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
चेतना झा ने हासिल किए 239 अंक
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि चेतना झा, जो वर्तमान में बायोटेक्नोलॉजी विभाग में प्रो. राकेश कुमार के निर्देशन में पीएचडी कर रही हैं, ने डीबीटी-जेआरएफ परीक्षा में 300 में से 239 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की है।
सिबंकर मलिक ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
वहीं, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सत्र 2023-25 के छात्र सिबंकर मलिक ने भी डीबीटी-जेआरएफ-2026 परीक्षा में 300 में से 209 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने अपनी एमएससी शोध-प्रबंध (डिसर्टेशन) प्रो. दुर्ग विजय सिंह के निर्देशन में पूरा किया था।
शोध और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ रही सीयूएसबी की पहचान
दोनों विद्यार्थियों की सफलता को विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता न केवल छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि सीयूएसबी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं नवाचार के बढ़ते स्तर को भी दर्शाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि आने वाले समय में भी सीयूएसबी के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते रहेंगे।
