अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीयूएसबी में विशेष योगाभ्यास सत्र आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,
गयाजी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में ‘स्वस्थ आयु हेतु योग’ विषय पर विशेष योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विनायक दामोदर सावरकर छात्रावास परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 समिति द्वारा प्रो. उषा तिवारी के समन्वयन में किया गया, जबकि कार्यक्रम का संरक्षण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के नेतृत्व में किया गया।
योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत : कुलपति
इस अवसर पर कुलपति कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि भारत को योग की जननी के रूप में विश्वव्यापी पहचान प्राप्त है और प्राचीन काल से योग की यह अनूठी परंपरा निरंतर चली आ रही है।
उन्होंने कहा, “यदि हम अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करें और नियमित योगाभ्यास करें तो हमारा शरीर स्वस्थ, मन शांत और मस्तिष्क चुस्त-दुरुस्त रहेगा। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की एक जीवनशैली है।”
विशेषज्ञों ने साझा किए योग के लाभ
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उपस्थित प्रो. प्रशांत कुमार राय ने योग के विभिन्न लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी और छात्र रहे उपस्थित
योगाभ्यास सत्र में छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रॉक्टर प्रो. प्रणव कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन, प्रो. रवि कांत, डॉ. हेमंत कुमार सिंह, लेफ्टिनेंट (डॉ.) प्रज्ञा गुप्ता, डॉ. गौरव कुमार सिंह, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह और डॉ. विकल कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।
योग को जीवनशैली बनाने का लिया संकल्प
सामूहिक योगाभ्यास के बाद सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण
योगाभ्यास सत्र के पश्चात कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों, अधिकारियों और छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए।
