विश्व योग दिवस पर सेंट्रल जीएसटी गयाजी डिवीजन कार्यालय में योग शिविर आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,
गयाजी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेंट्रल जीएसटी (केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर) गयाजी डिवीजन कार्यालय में रविवार को योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योग शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि तनाव कम होता है और व्यक्ति का मानसिक संतुलन भी बेहतर होता है।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त (एसी) शिशिर सौरभ श्रीवास्तव, अधीक्षक राजीव रंजन, अधीक्षक राजू दास, कार्यपालक सहायक सत्यप्रकाश, रजनीश परमार, प्रत्युष शंकर सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : शिशिर सौरभ श्रीवास्तव
इस अवसर पर सहायक आयुक्त शिशिर सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकालने की अपील करते हुए कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। यदि हम नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तो न केवल बीमारियों से बच सकते हैं, बल्कि कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार ला सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग करें और बेहतर जीवन के लिए हमेशा मुस्कुराते रहें” का संदेश केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण का मंत्र है।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है।
