रिश्वत मांगने और अनुसंधान में अनियमितता के आरोप में पुलिस अवर निरीक्षक निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जून 2026
गयाजी: मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव द्वारा भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदौती थाना में पदस्थापित अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक ललन प्रसाद साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
मारपीट के मामले में रिश्वत मांगने का आरोप
प्राप्त शिकायत के अनुसार चंदौती थाना कांड संख्या-221/26, जो मारपीट से संबंधित है, के अनुसंधान के दौरान कुल छह अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप सत्य पाए गए थे। आरोप है कि मामले के अनुसंधानकर्ता ललन प्रसाद साह ने अभियुक्त अंतुल कुमार से प्रत्येक अभियुक्त के बदले दो-दो हजार रुपये, यानी कुल 12 हजार रुपये की मांग की थी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग बनी कार्रवाई का आधार
शिकायतकर्ता अंतुल कुमार ने आरोप के समर्थन में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की। रिकॉर्डिंग में अनुसंधानकर्ता एवं अन्य व्यक्तियों के बीच बंधपत्र, जमानत और रुपये के लेन-देन से संबंधित बातचीत होने का दावा किया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू की गई।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए
पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर 13 जून 2026 को पुलिस निरीक्षक, चंदौती को मामले की जांच सौंपी गई। जांच प्रतिवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने तथा संबंधित अधिकारी का आचरण पुलिस सेवा के मानकों के विपरीत पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति
विकास वैभव ने स्पष्ट किया है कि विभाग में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग, अनुसंधान में पक्षपात और आम नागरिकों के साथ अनुचित व्यवहार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता का विश्वास बनाए रखने पर जोर
मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने कहा है कि कानून के शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में आमजन का विश्वास कायम रखने तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जाते रहेंगे।
