समस्तीपुर में मुखिया 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0610_231137.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना / समस्तीपुर | 10 जून 2026,

पटना / समस्तीपुर: भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत चकबहाउद्दीन पंचायत के मुखिया सियाराम राय को 1 लाख 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

निलंबन से मुक्त कराने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत

निगरानी ब्यूरो को परिवादी अब्दुल मन्नान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव के रूप में कार्यरत सियाराम राय द्वारा उन्हें निलंबन से मुक्त कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।

श्रृंगार दुकान में रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 071/26 दिनांक 09 जून 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के गुदरीपुल स्थित परिवादी की श्रृंगार दुकान में जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी मुखिया को 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

विशेष न्यायालय में होगी पेशी

निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page