35 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, 10 हजार रुपये के साथ दलाल भी दबोचा गया

0
1780595347940.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना | 04 जून 2026,

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत मैनपुरन्दा पंचायत के राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान रिश्वतखोरी में शामिल दलाल गुड्डू कुमार को भी 10 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार परिवादी प्रवीण कुमार सुमन ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके प्लॉट से करीब 100 मीटर दूर स्थित मुख्य सड़क पर चार घरों के अवैध अतिक्रमण को हटाने संबंधी रिपोर्ट देने के एवज में राजस्व कर्मचारी और दलाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

सत्यापन में सही पाई गई शिकायत

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या-069/26 दिनांक 03 जून 2026 दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

डीएसपी के नेतृत्व में गठित हुई थी छापेमारी टीम

मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक रिशिता स्नेह के नेतृत्व में विशेष धावादल (रेड टीम) का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए थाना फुलवारी शरीफ क्षेत्र स्थित मैनपुरन्दा पंचायत भवन में छापेमारी की।

रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी

छापेमारी के दौरान राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल को 35 हजार रुपये तथा दलाल गुड्डू कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page