सीयूएसबी में पीजी प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 8 जून तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

0
IMG-20260605-WA0007.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 जून 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 29 स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 08 जून 2026 तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय ने कुल 1238 सीटों पर काउंसलिंग एवं नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

अभ्यर्थियों के हित में बढ़ाई गई अंतिम तिथि

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 04 जून से बढ़ाकर 08 जून 2026 कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन के अनुसार पात्र अभ्यर्थी 08 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 09 जून 2026 को संशोधन (Correction) विंडो भी खोली जाएगी।

29 पीजी कार्यक्रमों में मिलेगा नामांकन

सीयूएसबी द्वारा विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, प्रबंधन, मीडिया, शिक्षा एवं फार्मेसी सहित 29 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस, फिजिक्स, केमिस्ट्री, जियोलॉजी, लाइफ साइंस, डेटा साइंस एंड एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स, एमए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, पत्रकारिता एवं जनसंचार, राजनीति विज्ञान, एमकॉम, एलएलएम, एमएड, एमपीएड तथा एकीकृत बी.लिब.आई.एससी. एम.लिब.आई.एससी. जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

पंजीकरण शुल्क और मेरिट सूची की जानकारी

उपकुलसचिव (अकादमिक एवं परीक्षा) कुमार कौशल ने बताया कि सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रति कार्यक्रम पंजीकरण शुल्क 500 रुपये तथा एससी, एसटी एवं पीडब्ल्यूडी वर्ग के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है। केवल सीयूएसबी पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को ही काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

11 जून को जारी होगी पहली कट-ऑफ सूची

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पहली कट-ऑफ सूची 11 जून 2026 को प्रकाशित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 11 से 16 जून के बीच प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। रिक्त सीटों की स्थिति में दूसरी कट-ऑफ सूची 23 जून तथा तीसरी कट-ऑफ सूची 03 जुलाई 2026 को जारी की जाएगी। प्रवेशित छात्रों की अंतिम सूची 09 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगी और पीजी कक्षाएं 16 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी।

वेबसाइट से अपडेट लेते रहें अभ्यर्थी

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी सभी नवीनतम जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी है। किसी भी सहायता के लिए अभ्यर्थी ई-मेल और हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page