मुख्यमंत्री ने की सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की समीक्षा, योजनाओं के प्रचार-प्रसार में AI के उपयोग पर दिया जोर

0
1778697865139.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 13 मई 2026,

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क व्यवस्था और डिजिटल मॉनिटरिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

योजनाओं की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंचाने का निर्देश

समीक्षा के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक त्वरित और प्रभावी तरीके से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों के फीडबैक, सुझावों एवं शिकायतों पर भी लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

बिहार की उपलब्धियों और विरासत को देशभर में पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की विशेषताओं, ऐतिहासिक विरासत स्थलों, सांस्कृतिक पहचान, विकास कार्यों एवं नए बदलावों की जानकारी राज्य के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों तक भी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने विभाग को निर्देशित किया कि इसके लिए आधुनिक तकनीक और प्रभावी संचार माध्यमों का उपयोग कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

योजनाओं की मॉनिटरिंग में AI के उपयोग की सलाह

सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी विभाग अपनी योजनाओं के अनुश्रवण और मॉनिटरिंग में AI तकनीक का उपयोग करें, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।

फेक और भ्रामक खबरों पर तत्काल खंडन का निर्देश

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्लेटफॉर्म पर सरकार से संबंधित गलत या नकारात्मक खबरें प्रसारित होती हैं, तो विभाग को पूर्ण तथ्यों के साथ उसका तत्काल खंडन करना चाहिए।

डिजिटल और आधुनिक जनसंपर्क व्यवस्था पर सरकार का फोकस

बैठक में स्पष्ट संकेत दिए गए कि बिहार सरकार अब सूचना तंत्र को अधिक आधुनिक, तकनीक आधारित और जवाबदेह बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page