पटना कदमकुआं थाना के SI सात हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचे गए

0
Screenshot_2026_0430_212755.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 30 अप्रैल 2026,

पटना: पटना से एक अहम खबर सामने आई है, जहाँ कदमकुआँ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Bureau) की टीम ने गुरुवार दिनांक 30 अप्रैल 2026 को की।

जानकारी के मुताबिक, पटना के चूड़ी मार्केट निवासी शमशाद आलम ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारी अर्जुन यादव एक मामले (कांड संख्या 315/26) में फँसाने की धमकी देकर उनसे रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने जाल बिछाकर कदमकुआँ थाना के पास बुद्ध मूर्ति, जस्टिस राज किशोर पथ के पास आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें विशेष निगरानी अदालत, पटना में पेश किया जाएगा।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में यह भ्रष्टाचार के खिलाफ 51वां मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 46 मामले ट्रैप (रंगे हाथ पकड़ने) से जुड़े हैं। अब तक कुल 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 17.48 लाख रुपये रिश्वत के रूप में बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page