ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी सफलता: 5 लाख के चोरी के मोबाइल बरामद, गिरोह का खुलासा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 अप्रैल 2026,
गयाजी; गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य के 30 चोरी के मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और फर्जी बिल बरामद किए हैं। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह मामला तब सामने आया जब पटना जिले के मसौढ़ी निवासी रौशन कुमार ने जीआरपी थाना गयाजी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गया रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने उन्हें 16,000 रुपये में वीवो कंपनी का मोबाइल बेचा था। बाद में मोबाइल खराब होने पर जब वह सर्विस सेंटर पहुंचे, तो पता चला कि मोबाइल चोरी का है और उसके साथ दिया गया बिल भी फर्जी है।
संयुक्त टीम का गठन, घर पर छापेमारी
शिकायत के आधार पर जीआरपी ने कांड संख्या 115/26 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ, अपराध शाखा और सीपीडीएस टीम के अधिकारियों को मिलाकर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बुनियादगंज थाना क्षेत्र में आरोपी गौतम कुमार के घर पर छापेमारी की। आरोपी मौके से फरार मिला, लेकिन तलाशी के दौरान 30 मोबाइल फोन (20 चालू, 10 क्षतिग्रस्त), एक हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक और कई फर्जी बिल बरामद किए गए।
संगठित गिरोह की आशंका
आरपीएफ थाना अध्यक्ष बनारसी यादव के अनुसार, यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में यात्रियों को सस्ते मोबाइल का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है।
टिकट कालाबाजारी पर भी सख्ती
इसी अभियान के तहत गयाजी और शेरघाटी रेलवे क्षेत्रों में टिकट कालाबाजारी रोकने के लिए भी सघन जांच अभियान चलाया गया। शेरघाटी बुकिंग काउंटर पर सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला और गया स्टेशन पर उप निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में टीमों ने जांच की। दोनों स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने नहीं आई।
