भाजपा के वरिष्ठ नेता महादेव प्रसाद का निधन, पार्टी में शोक की लहर

0
IMG-20260325-WA0006.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 मार्च 2026,

गयाजी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गयाजी जिला के वरिष्ठ एवं समर्पित नेता महादेव प्रसाद के आकस्मिक निधन से भाजपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में गहरा दुख व्याप्त हो गया।

स्वर्गीय महादेव प्रसाद का राजनीतिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के संगठनात्मक सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे हमेशा पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे और अपने सरल व मृदुल स्वभाव के कारण सभी के प्रिय थे।

महादेव प्रसाद गया नगर के तत्कालीन म्युनिसिपालिटी में वार्ड पार्षद और उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके थे। इसके अलावा वर्ष 1995 में गुरुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी भी रहे। वर्ष 1994 से 1996 तक उन्होंने भाजपा गयाजी जिला के जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

उनके निधन के बाद भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय कुमार मांझी तथा जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार गया मुक्तिधाम पहुंचकर पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष एवं नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय महादेव प्रसाद एक सरल, मृदुल और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। उनके नेतृत्व में भाजपा जिला संगठन ने उल्लेखनीय प्रगति की थी। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

स्वर्गीय महादेव प्रसाद की फाइल फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page