31 मार्च तक जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य, नहीं कराने पर बंद हो जाएगी पेंशन; जहानाबाद में 35 हजार लाभुक अब भी बाकी

0
Screenshot_2026_0318_235827.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 18 मार्च 2026,

जहानाबाद; सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। समाज कल्याण विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च 2026 तक जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate) कराना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि तक प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले पेंशनधारियों की पेंशन अगले महीने से बंद कर दी जाएगी।

11 सौ रुपये प्रतिमाह मिलती है पेंशन

केंद्र और राज्य सरकार की कुल 6 पेंशन योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को प्रतिमाह 1100 रुपये की राशि दी जाती है। मृत पेंशनधारियों की पहचान और डेटाबेस अपडेट करने के उद्देश्य से 22 दिसंबर 2025 से कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण अभियान चलाया जा रहा है।

जहानाबाद में 35 हजार से अधिक पेंशनधारी शेष

जिले में अब तक 1,10,349 पेंशनधारियों ने जीवन प्रमाणीकरण करा लिया है, लेकिन अभी भी 35 हजार से अधिक लाभुक ऐसे हैं, जिन्होंने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। यदि ये लाभुक 31 मार्च तक प्रमाणीकरण नहीं कराते हैं, तो उनकी पेंशन बंद कर दी जाएगी।

प्रखंडवार स्थिति

जिले के विभिन्न प्रखंडों में बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है—
🔹घोसी: 14,281 में से 3,260 शेष, 85 का आधार मैप नहीं
🔹हुलासगंज: 12,442 में से 3,131 शेष, 133 का आधार मैप नहीं
🔹जहानाबाद: 30,716 में से 8,046 शेष, 327 का आधार मैप नहीं
🔹काको: 23,414 में से 5,282 शेष, 265 का आधार मैप नहीं
🔹मखदुमपुर: 31,722 में से 8,288 शेष, 364 का आधार मैप नहीं
🔹मोदनगंज: 12,451 में से 2,359 शेष, 91 का आधार मैप नहीं
🔹रतनी फरीदपुर: 20,142 में से 4,453 शेष, 149 का आधार मैप नहीं

सीएससी केंद्रों पर निःशुल्क सुविधा उपलब्ध

प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर आधार कार्ड के साथ जीवन प्रमाणीकरण कराएं। इसके अलावा गांधी मैदान, जहानाबाद स्थित बुनियाद केंद्र पर भी विशेष CSC केंद्र शुरू किया गया है, जहां यह सुविधा उपलब्ध है।

प्रमाणीकरण नहीं होने की दशा में बंद हो जाएगी पेंशन

समाज कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा के बाद केवल उन्हीं लाभुकों की पेंशन जारी रहेगी, जिन्होंने जीवन प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page