किलकारी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन

0
IMG-20260228-WA0008.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 फरवरी 2026,

गयाजी; किलकारी बिहार बाल भवन परिसर, गयाजी में शुक्रवार को ज्ञान और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि अपराह्न 3 बजे से होली मिलन समारोह सांस्कृतिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान के महत्व और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर आधारित परिचर्चा आयोजित की गई। इसके बाद विज्ञान से जुड़े रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में शहीद आरक्षी मध्य विद्यालय पुलिस लाइन, गयाजी की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

पारंपरिक स्वागत के साथ होली मिलन समारोह की शुरुआत

अपराह्न 3 बजे होली मिलन समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया गया। अतिथियों का तिलक लगाकर तथा किलकारी के बच्चों द्वारा तैयार हर्बल गुलाल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकगीत कलाकार सुरेन्द्र पाण्डे, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मनोज कुमार शर्मा, वरिष्ठ संगीतकार मनोज कुमार तथा वरिष्ठ पत्रकार रूपक कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथियों ने दिया सौहार्द और संस्कृति का संदेश

अतिथियों ने अपने संबोधन में बच्चों को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक उत्सवों और सामाजिक सद्भाव के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र की शुरुआत कथक नृत्य “रंग डालूँ नंद के लालन पे” से हुई। इसके बाद “मधुवन में खेले होली”, “रंग भीजल चुनरिया”, आदिवासी होली नृत्य, “हो फगुनवा में” और “पनिया लाललाल” जैसे लोकगीतों एवं नृत्यों ने वातावरण को रंगमय बना दिया। “मत डारो श्याम होली” और “बंगला उड़े अबीर” गीतों पर प्रशिक्षकों एवं कर्मियों की सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अंत में बच्चों ने मटका फोड़कर कार्यक्रम का समापन किया।

समन्वित प्रयास से सफल हुआ आयोजन

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि किलकारी बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है, जहां शिक्षा, संस्कृति और संस्कार का संतुलित विकास होता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। मंच संचालन गौतम कुमार गोलू ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सोनम कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page