जहानाबाद में अतिक्रमण हटाने और ऑटो में कलर कोडिंग पर सख्त निर्देश
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 11 फरवरी 2026,
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान की संयुक्त अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में वरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था।
बार-बार अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
बैठक में बताया गया कि काको मोड़ से शनिदेव मंदिर तक, अरवल मोड़ से अस्पताल मोड़, राजा बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर बार-बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व पुनः दुकान और ठेला लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पुनः सूचना जारी कर सख्ती से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
ऑटो/ई-रिक्शा परिचालन को सुव्यवस्थित करने की पहल
जिला स्तरीय समिति द्वारा नगर परिषद क्षेत्र में ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए वाहन स्वामियों द्वारा की गई कलर कोडिंग से संबंधित कुल 715 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदनों की समीक्षा की गई। समिति ने सभी वाहन विवरणियों की औपबंधिक सूची प्रकाशित कर दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने का निर्णय लिया।
वाहन स्वामियों से विवरण मिलान करने की अपील
सभी वाहन स्वामियों से अपील की गई कि जिला वेबसाइट पर प्रकाशित औपबंधिक सूची में अपने वाहन का विवरण अवश्य मिलान कर लें। जांच के दौरान पाई जाने वाली किसी भी त्रुटि के संबंध में आवश्यक साक्ष्य संलग्न कर जिला परिवहन कार्यालय में दावा/आपत्ति प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
वरीय अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) श्री राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कौशल पूनम कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद दीनानाथ प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।